‘महाराष्ट्र ने सर्वसमावेशी नेता खो दिया’ – विधायक साजिद खान पठान
अकोला-महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता अजित दादा पवार के दुःखद निधन पर जिले में शोक की लहर व्याप्त है। इस अवसर पर अकोला के विधायक साजिद खान पठान ने गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि महाराष्ट्र ने एक ऐसे बड़े नेता को खो दिया है, जो सभी को साथ लेकर चलने वाले और भेदभाव से ऊपर उठकर निर्णय लेने वाले व्यक्तित्व थे। विधायक साजिद खान पठान ने कहा कि अजित दादा पवार केवल सत्ताधारी दल के नेता नहीं थे, बल्कि वे राजनीति में सर्वसमावेशी सोच रखने वाले नेता के रूप में पहचाने जाते थे। उन्होंने कभी पक्ष-विपक्ष का भेद नहीं किया और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। साजिद खान पठान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अकोला हवाई अड्डे के विकास को लेकर जब उनसे चर्चा की गई, तब उन्होंने विपक्ष का विधायक होने के बावजूद भी बिना किसी भेदभाव के आवश्यक निधि उपलब्ध कराई। यह उनकी उदार राजनीतिक सोच और विकासोन्मुख दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘अजित दादा सत्ता से पहले जनता और प्रदेश के विकास को महत्व देते थे। विपक्ष में होने के बावजूद उन्होंने हमें पूरा सहयोग दिया, यह उनके बड़े कद का प्रमाण है।’ उन्होंने इसे राज्य की राजनीति और विकास यात्रा के लिए एक बड़ी क्षति बताया। अंत में विधायक साजिद खान पठान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और पवार परिवार तथा उनके असंख्य समर्थकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।